10 दिनों की पूजा अर्चना के बाद छठ घाट में किया गया भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन

सूरजपुर। 10 दिनों तक चले भगवान श्री गणेश जी की पूजा अर्चना के बाद शनिवार को डीजे की बाजे गाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकालकर छठ घाट में मूर्तियों का विसर्जन किया गया।।शनिवार की सुबह से प्रारम्भ प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। गणेशोत्सव के दौरान शहर के मुख्य मार्गो व गली मोहल्लों पर स्थित सार्वजनिक समितियों के द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया था। प्रतियोगिताओं में बच्चो व महिलाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। वहीं बाहर से आमंत्रित कलाकारों के द्वारा आकर्षण झांकियों के बीच हृदयस्पर्शी भजनों की प्रस्तुति दी गई। गणेशोत्सव पर पूरे 10 दिनों तक शहर सहित जिलेभर का वातावरण पूर्णरूपेण भक्तिमय रहा। समितियों के साथ घर घर में भी मूर्ति स्थापित कर प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी की आराधना की गई। शुक्रवार से ही हवन पूजन का सिलसिला घरों व पंडालों में प्रारम्भ हो गया था जो शनिवार की सुबह तक चला जिसके बाद घरों व समितियों के द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में शामिल भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। शनिवार को अनन्त चतुर्थी पर विधि विधान से पूजा अर्चना पश्चात भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का अगले बरस जल्दी आने की कामना के साथ छठ घाट में विसर्जन किया गया। भगवान गणेश जी की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। घाट पर समुचित विद्युत व्यवस्था के साथ होमगार्ड के प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती की गई थी।
वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन व नगर पालिका की टीम भी सक्रिय रही। मुख्य मार्गो में व्यवस्था दुरुस्त करने यातायात पुलिस की टीम लगी रही।
