सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, परिजनों में मातम

सूरजपुर। जिले के चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ मोड़ के पास सोमवार देर रात लगभग 10 बजे हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सितासरन साहू (22 वर्ष) निवासी बिहारपुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह सड़क पर जोर से गिर पड़ा।

हादसे में सितासरन गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चांदनी बिहारपुर पुलिस मौके पर पहुँची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद गाँव और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों का कहना है कि कोल्हुआ मोड़ पर सड़क संकरी और अंधेरा रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने और चौड़ीकरण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लग सके।

Back to top button
error: Content is protected !!