स्वास्थ्य शिविर, 200 से अधिक लोगों ने कराया इलाज
हड्डी रोगियों के लिए बड़ी सौगात

सूरजपुर। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिले में एक सराहनीय पहल सामने आई है। जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं रेड क्रॉस सोसायटी सूरजपुर के वाइस चेयरमैन ओंकार पांडेय की पहल पर रविवार को सूरजपुर नगर में हड्डी रोग निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रायपुर से आए अनुभवी हड्डी रोग विशेषज्ञ स्थानीय डॉक्टर अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच आधुनिक मशीनों से की और आवश्यक दवाइयाँ भी निःशुल्क प्रदान कीं।
200 से अधिक लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर की खासियत यह रही कि यहाँ 200 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। बुजुर्गों से लेकर युवा और महिलाएँ बड़ी संख्या में शिविर का लाभ उठाने पहुँचीं। ज्यादातर मरीज कमर दर्द, घुटने के दर्द, जोड़ संबंधी रोग और हड्डी की कमज़ोरी जैसी समस्याओं से जूझ रहे थे। डॉक्टरों ने न केवल उनकी जांच की बल्कि आगे के उपचार व जीवनशैली संबंधी जरूरी सुझाव भी दिए।
जनप्रतिनिधियों ने भी कराया चेकअप
स्वास्थ्य शिविर की खासियत यह भी रही कि इसमें जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली सोनी, राजलाल राजवाड़े, शशिकांत गर्ग, संदीप अग्रवाल’ सहित कई लोग पहुँचे और उन्होंने भी अपना चेकअप कराया। सभी ने इस पहल को सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
रेडक्रॉस वाइस चेयरमैन की पहल को मिला जन-समर्थन
रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन ओंकार पांडेय ने कहा आज के समय में हड्डी व जोड़ संबंधी दर्द एक बड़ी समस्या बन गई है। खासकर ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर लोग महंगे इलाज तक नहीं पहुँच पाते। इसी को देखते हुए यह निःशुल्क शिविर आयोजित किया गया। रेडक्रॉस आगे भी इसी तरह जनहित के कार्य करता रहेगा। शिविर में आए मरीजों ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बड़े शहरों में जाने की ज़रूरत के बिना ही विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श मिलना उनके लिए बहुत बड़ी राहत है।
समाज के लिए प्रेरणादायी कदम
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह का आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को आसान बनाता है, बल्कि समाज में जागरूकता भी बढ़ाता है। ग्रामीणों ने ओंकार पांडेय के वाइस चेयरमैन रेडक्रॉस उनकी टीम के प्रति आभार जताया।
