सड़क दुर्घटना में भाजपा के पूर्व पार्षद का निधन,गमगीन माहौल में किया गया अंतिम संस्कार

युवा नेता के असामयिक निधन से शोक का माहौल
सूरजपुर। बीती रात सड़क हादसे में युवा भाजपा नेता व पूर्व पार्षद अनिल साहू का निधन हो गया। बताया गया है कि श्री साहू अपने निजी कार्य से लखनपुर गए हुए थे जहां से लौटते वक्त मंगलवार की रात बिश्रामपुर अम्बेडकर चौक के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से आहत हो गए। जिन्हें उपचार के लिए बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उनकी गंभीरावस्था को देखते हुए चिकित्सको ने सूरजपुर जिला अस्पताल रिफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी जांच व प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर होने की बात कहीं। जिसके बाद यहां के एक निजी अस्पताल में उपचार हेतु दाखिल कराया गया जहां उपचार के दौरान देर रात श्री साहू का निधन हो गया। उनके निधन की खबर लगते ही देर रात बड़ी संख्या में उनके शुभचिंतक अस्पताल पहुंच गए। नगर के मन्दिरपारा निवासी ३९ वर्षीय अनिल साहू वर्तमान में भाजपा नगर मंडल के उपाध्यक्ष थे और पूर्व में वार्ड क्र ३ एवं ४ से एक एक बार पार्षद चुने गए थे। सामाजिक कार्यो में हमेशा आगे रहने वाले श्री साहू काली पूजा समिति के वरिष्ठ सदस्य व बाल गणेश पूजा समिति के संरक्षक के साथ साहू समाज के भी पदाधिकारी थे। मृदुभाषी मिलनसार सौम्य क्षवि से अनिल की नगर में पहचान थी। उनके आकस्मिक निधन से नगर में शोक का वातावरण रहा। गमगीन माहौल में बुधवार को यहां मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। स्व श्री साहू के ८ वर्षीय पुत्र संस्कार साहू ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में उनके शुभचिंतक शामिल रहे।