गन्ने के रस वं दूध से बाबा का रुद्राभिषेक

सूरजपुर। देवगढ़ धाम में श्रावण मास के पहले सोमवार को भव्य धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे का आयोजन हुआ। राज्य उपभोक्ता संरक्षण परिषद् के सदस्य और वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष गोयल ने परिवार सहित अर्धनारेश्वर शिवलिंग का विशेष पूजन किया। उनके साथ समाजसेवी विजय गोयल भी मौजूद रहे। गोयल परिवार ने मुख्य यजमान के रूप में बाबा का गन्ने के रस, दूध और गंगाजल से रुद्राभिषेक किया। इसके बाद बेलपत्र, सम्मिपत्र, पुष्प, अक्षत, जौ, तिल और अन्य पूजन सामग्री से सहस्त्रार्चन कर भगवान शिव का आह्वान किया गया। पूजन के बाद भगवान को भोग अर्पित किया गया। फिर भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ लिया। पूरे देवगढ़ धाम का वातावरण भक्तिमय हो गया। सुभाष गोयल ने बताया कि श्रावण मास के हर सोमवार को इसी तरह धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से 21 जुलाई, सोमवार को अधिक संख्या में देवगढ़ धाम पहुंचने की अपील की। आयोजन को सफल बनाने में अशोक अग्रवाल, नरेश मित्तल, रमेन्द्र सिंह, मौनी बाबा, श्रीराम पांडे, सुनील अग्रवाल, पवन गर्ग, पंकज चौबे ने सहयोग किया।