जल शक्ति जन भागीदारी अभियान में सूरजपुर का शानदार प्रदर्शन

पूर्वी क्षेत्र की केटेगरी-3 में 12वां स्थान, राष्ट्रपति से 25 लाख का मिला पुरस्कार

सूरजपुर। कलेक्टर एस. जयवर्धन के कुशल नेतृत्व में जल संरक्षण एवं जल संचय की दिशा में किए जा रहे प्रभावी कार्य किया जा रहा है। शासन की योजना जल शक्ति जन भागीदारी अभियान 1.0 अंतर्गत सूरजपुर जिले ने पूर्वी क्षेत्र की केटेगरी-3 में 12वां स्थान प्राप्त कर प्रदेश एवं जिला का गौरव बढ़ाया है।

विगत 18 नवंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार एवं जल संचय जन भागीदारी पुरस्कार वितरण समारोह में सूरजपुर जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 25 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू वं भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के मंत्री सी. आर. पाटिल द्वारा प्रदान किया गया।

सूरजपुर जिले की ओर से यह पुरस्कार जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता अरुण कुमार मिश्रा ने ग्रहण किया। पुरस्कार प्राप्त कर लौटने पर श्री मिश्रा ने कलेक्टर एस. जयवर्धन वं जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मिश्रा को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई वं शुभकामनाएँ दीं।

ज्ञात हो कि जल शक्ति जन भागीदारी अभियान 1.0 जल संचय संरचनाओं के निर्माण एवं उनके डेटाबेस तैयार करने पर केंद्रित एक राष्ट्रीय अभियान है। इसके अंतर्गत सूरजपुर जिले ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए जल संरक्षण के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाया तथा सतत एवं दीर्घकालिक जल प्रबंधन की दिशा में प्रभावी प्रयास किए।

इस उपलब्धि के साथ सूरजपुर जिले ने न केवल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान सुदृढ़ की है,बल्कि जल संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी आधारित मॉडल को एक सफल उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!