कचरे में मिला नवजात, ग्रामिणो ने पहुंचाया अस्पताल जांच में जुटी पुलिस

सूरजपुर। जिले के चेन्द्रा चौकी क्षेत्र के ग्राम करौटी में झाड़ियो के बीच कचरे के ढेर में एक नवजात शिशु पाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की दोपहर को करौटी के ग्रामीण गांव में स्थित मैदान की तरफ गए हुए थे। जहां स्थित झाड़ियो के समीप स्थित कचरे के ढेर से ग्रामीणों को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। रोने की आवाज सुनकर जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो कचरो में पड़े नवजात को देखकर दंग रह गए। यह बात गांव में आग की तरह फैल गई और देखते देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। नवजात को इस हालत में देखकर ग्रामीणों का बच्चे के प्रति प्रेम जागा और बिना देर किए तत्काल नवजात को वहां से उठाकर साफ सफाई कर दूध पिलाया और प्रथमिक स्वास्थ्य केंद्र चेंद्रा लेकर पहुंचे। जहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मी भी बिना देर किए तत्काल नवजात के ईलाज मे जूट गए। मामले की जानकारी चेंद्रा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच जांच में जुट गई है। पुलिस करौटी सहित आस पास के गांव में इस बात की तहकीकात में जुटी है कि किस निर्मोही माँ ने जन्म देने के बाद नवजात को इस तरह कचरे में डाल दिया था इसके पीछे क्या वजह है।
