प्रदेश से भाजपा के 11 प्रतिनिधियों का हुआ है चयन
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यशाला में सूरजपुर के मुकेश गर्ग होंगे शामिल

सूरजपुर। देश की राजनीति और अर्थव्यवस्था से जुड़े सबसे अहम विषय वन नेशन वन इलेक्शन के व्यापार एवं अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पर मंथन के लिए देश की राजधानी नई दिल्ली में स्थित डॉ. अम्बेडकर इंटरनेशन सेंटर में कल 23 अगस्त को उद्यमी एवं व्यापारी नेतृत्व विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इस राष्ट्रीय कार्यशाला में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित साह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल एवं केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनकखड़, सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री सुरेन्द्र नागर, मंत्री अनिल एंटोनी तथा राष्ट्रीय मंत्री कामाख्या प्रसाद तासा भी अपना व्याख्यान देंगे। छत्तीसगढ़ से प्रदेश स्तर पर भारतीय जनता पार्टी के 11 प्रतिनिधियों का चयन इस कार्यशाला के लिए किया गया है। उक्त कार्यशाला में शामिल होने के लिए सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिला से भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक, पार्षद व जिला योजना समिति के सदस्य मुकेश गर्ग का चयन किया गया है। वे आज 22 अगस्त को इस राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना होंगे। श्री गर्ग ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि एक राष्ट्र एक चुनाव जैसे राष्ट्रीय महत्व विषय पर यह कार्यशाला भारतीय राजनीति, व्यापार और अर्थव्यवस्था के अभूतपूर्व परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करने वाली साबित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह राष्ट्रीय कार्यशाला पूरे देश के लिए दूरगामी नीतिगत निर्णयों का आधार बनेगी।